उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

नैनीताल पुलिस का ऑपरेशन प्रहार तेज, काठगोदाम का रोहित आर्या छह माह के लिए जिला बदर

हल्द्वानी – जनपद में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत काठगोदाम क्षेत्र के रोहित आर्या को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया गया है। जिलाधिकारी नैनीताल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, रोहित आर्या पुत्र प्रेम राम निवासी नवाड़खेड़ा, गौलापार, काठगोदाम के विरुद्ध आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के अंतर्गत जिला बदर की कार्रवाई की गई है। संबंधित आदेश जारी होने के बाद कोतवाली काठगोदाम पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे नियमानुसार नैनीताल जनपद की सीमा से बाहर कर दिया।

प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह मेहता ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।

रोहित आर्या के खिलाफ दर्ज हैं चार मुकदमे

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित आर्या के विरुद्ध कोतवाली काठगोदाम में अब तक चार अभियोग पंजीकृत हैं। इनमें वर्ष 2016 का मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित मामला शामिल है। इसके अलावा वर्ष 2024 और 2025 में आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, जिला बदर की कार्रवाई का उद्देश्य जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी अभियान के तहत वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।