उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

जब आयुक्त दीपक रावत ने थामा माइक, कुमाऊंनी गीतों पर झूम उठा लोकथात महोत्सव

हल्द्वानी/बिंदुखत्ता – बिंदुखत्ता में आयोजित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों, संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों के नाम रही। कार्यक्रम में सचिव मुख्यमंत्री एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजक मंडल की ओर से आयुक्त दीपक रावत को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या उस समय और भी खास हो गई, जब आयुक्त दीपक रावत ने स्वयं मंच से कुमाऊंनी लोकगीतों की प्रस्तुति दी। उन्होंने लोकप्रिय गीत ‘लाल चुन्नी कुर्ती य तेरी काली तवयै, देखी सिटी ताली बजुछी कुड़ी थल की बजारा’ गाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया और पूरा माहौल लोकसंस्कृति के रंग में रंग गया।

इस दौरान आयुक्त ने उत्तराखंड के अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने उनके लोकप्रिय गीतों और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को समृद्ध बनाने में उनके अतुलनीय योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकगीत हमारी सांस्कृतिक पहचान और विरासत हैं, जिन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।

सांस्कृतिक संध्या में लोकगायिका खुशी जोशी, लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल, राकेश पनेरू और राकेश जोशी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, हास्य लोक कलाकार जीवन दानू ने अपनी चुटीली हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। देर शाम तक कार्यक्रम स्थल तालियों और लोकगीतों की गूंज से सराबोर रहा।

सरस्वती शिशु मंदिर मैदान, संजय नगर नंबर-1, बिंदुखत्ता में आयोजित इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की लोकभाषा, लोकसंगीत, पारंपरिक लोककलाओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। साथ ही, अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृतियों को जीवंत रखने और उनके सांस्कृतिक योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।