उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

रामनगर में प्रकृति का नया ठिकाना बना नगर वन, 17 हेक्टेयर में बिखरी हरियाली और आकर्षण

हल्द्वानी/रामनगर – प्रकृति संरक्षण, पर्यटन विकास और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामनगर में विकसित नगर वन (सिटी फॉरेस्ट) अब लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास और स्थानीय आजीविका को प्रोत्साहित करने के प्रयासों के बीच रामनगर का यह नगर वन प्रकृति और जनसुविधाओं के समन्वय की पहल के रूप में सामने आया है।

रामनगर वन प्रभाग की ओर से 47.60 लाख रुपये की लागत से 17 हेक्टेयर क्षेत्र में नगर वन विकसित किया गया है। यहां नवग्रह वाटिका, नक्षत्र वाटिका, पंचवटी, बाल वाटिका, तितली वाटिका, गुलाब वाटिका, रुद्राक्ष वाटिका, त्रिफला वाटिका, मियावाकी वन और पॉलिनेटर पार्क सहित कई आकर्षक स्थल बनाए गए हैं। इन स्थलों के माध्यम से लोगों को विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों और प्राकृतिक जैव विविधता से परिचित होने का अवसर मिल रहा है।

बच्चों के मनोरंजन के साथ सेहत का भी इंतजाम

नगर वन में विकसित बाल वाटिका बच्चों के लिए खास आकर्षण है। यहां खेलकूद के साथ उन्हें प्रकृति को करीब से समझने का अवसर मिलता है। वहीं, करीब दो किलोमीटर लंबा वॉकिंग ट्रैक स्थानीय नागरिकों के लिए विशेष सुविधा है। हरियाली के बीच सुबह-शाम टहलने के लिए यह स्थान लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ प्रकृति के सानिध्य में समय बिताने का अवसर दे रहा है।

पर्यटन गतिविधियों से रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा

कॉर्बेट नेशनल पार्क के लिए देश-दुनिया में पहचान रखने वाले रामनगर में नगर वन पर्यटकों के लिए एक अतिरिक्त आकर्षण के रूप में विकसित हो रहा है। यहां प्रकृति भ्रमण, बर्ड वॉचिंग और एडवेंचर गतिविधियों के जरिए पर्यटकों को अलग अनुभव मिल सकता है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय गाइड, परिवहन, खानपान और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

हरियाली और विकास के बीच संतुलन की पहल

नगर वन का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को प्रकृति, वनस्पतियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है। बच्चों, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को हरियाली से जोड़ने वाली यह पहल रामनगर के पर्यटन परिदृश्य में एक नया आयाम जोड़ रही है।