उत्तराखण्ड ज़रा हटके रुद्रपुर

तेज रफ्तार का कहर, ट्रक चालक की मौत और परिवहन विभाग का सिपाही घायल

रुद्रपुर – परिवहन विभाग की चेकिंग के दौरान शुक्रवार देर रात लालपुर चौकी के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने कागजात लेकर अधिकारियों के पास जा रहे 24 वर्षीय चालक इमरान को टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक एआरटीओ की खड़ी गाड़ी से जा टकराया, जिसकी चपेट में आकर परिवहन विभाग का एक सिपाही भी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

कागजात लेकर अधिकारियों के पास जा रहा था चालक

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात परिवहन विभाग की टीम लालपुर चौकी के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक ट्रक को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। ट्रक चालक इमरान (24) पुत्र एहसान निवासी ग्राम थावला, बिलारी, मुरादाबाद कागजात लेकर अधिकारियों के पास जा रहा था। इसी बीच पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इमरान ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

एआरटीओ की गाड़ी से टकराया अनियंत्रित ट्रक

इमरान को टक्कर मारने के बाद तेज रफ्तार ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक एआरटीओ की खड़ी गाड़ी से जा भिड़ा। इस दौरान परिवहन विभाग का एक सिपाही भी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और विभागीय कर्मचारियों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों ने दी तहरीर

गंभीर रूप से घायल इमरान को तत्काल रुद्रपुर के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। बाद में जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, इमरान ट्रक में माल लोड कर काशीपुर से गोरखपुर जा रहा था।

घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं, परिवहन विभाग की ओर से भी फरार ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।