हल्द्वानी- नगर निगम हल्द्वानी समेत जिले के सातों निकायों में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर बृहस्पतिवार को देर शाम मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। इसके साथ ही सात निकायों में मेयर, पालिकाध्यक्ष व चेयरमैन के 32 प्रत्याशियों समेत कुल 472 प्रत्याशियों का भाग्य एक दिन के लिए मतपेटियों में बंद हो गया। इनमें नगर निगम के पार्षद, नगर पालिका और नगर पंचायत के सभासद शामिल हैं। नैनीताल जिले में कुल 71.11 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। सबसे अधिक लालकुआं नगर पंचायत में 83.12 फीसदी मतदान हुआ, जबकि सबसे कम 55.69 फीसदी मतदान नैनीताल नगर पालिका के लिए हुआ। इससे पहले वर्ष 2018 में हुए निकाय चुनाव में जिले में 65.79 फीसदी मतदान हुआ था।
यानी इस बार 5.32 फीसदी अधिक मतदान हुआ। बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे से जिले भर में मतदान प्रक्रिया एक साथ शुरू हुई। शुरुआती चरण में अधिकांश स्थानों पर मतदान की गति धीमी रही। सुबह दस बजे तक मतदान का प्रतिशत 10.04 फीसदी था। दस बजे के बाद पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की कतार लगनी शुरू हो गईं। दोपहर 12 बजे कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ नजर आने लगी। मतदान का प्रतिशत बढ़कर दोपहर 12 बजे 22.55 फीसदी, दोपहर दो बजे 40.6 फीसदी और शाम चार बजे 55.03 फीसदी पहुंच गया। शाम चार बजे के बाद पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गईं।
इसके चलते निर्धारित समय पांच बजे के बाद भी जिले के कई मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया को जारी रखना पड़ा। पांच बजते ही निर्वाचन अधिकारियों ने मतदान केंद्रों के मुख्य गेट बंद कर दिए। यानी पांच बजे तक पहुंचे लोगों को वोट डालने दिया गया। उसके बाद मतदान केंद्रों पर पहुंचे किसी भी मतदाता को प्रवेश नहीं दिया गया। मतदान प्रक्रिया देर शाम करीब साढ़े सात बजे संपन्न हुई। छड़ायल में साढ़े सात बजे तक वोट पड़ते रहे।