उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

गुरुदेव कॉलोनी को मिली पेयजल सुविधा, विधायक निधि से बिछाई गई पानी की लाइन का सुमित हृदयेश ने किया लोकार्पण

हल्द्वानी – हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने दमुवाढूंगा के वार्ड संख्या-35 स्थित गुरुदेव कॉलोनी में ₹4.21 लाख की लागत से बिछाई गई पेयजल लाइन का लोकार्पण किया। यह कार्य विधायक निधि से स्वीकृत कराया गया था। इसके पूरा होने से क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।

लोकार्पण कार्यक्रम वार्ड पार्षद रेनू टम्टा, महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट तथा क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। पेयजल प्रत्येक परिवार की बुनियादी आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए गुरुदेव कॉलोनी में पानी की लाइन बिछाने के लिए विधायक निधि से धनराशि स्वीकृत कराई गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक ने कहा कि उनकी माता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश ने अपना जीवन हल्द्वानी के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित किया। उनकी विकासवादी सोच और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए वह क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।

कार्यक्रम में एडवोकेट गोविंद बिष्ट, गोविंदी लोबियाल, महेशानंद, केसी, रमेश चंद्र लोबियाल, कांता देवी, भुवन चंद्र आर्या, कमल टम्टा, शीला, रूपा, हयात सिंह, रिशु सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।