उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

कैंची धाम वीकेंड पर ट्रैफिक प्लान लागू, भारी वाहनों की एंट्री बंद; निजी वाहनों के लिए पार्किंग तय

नैनीताल – वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 21 और 22 नवंबर 2026 को लागू रहेगी। पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से निर्धारित रूट, पार्किंग तथा शटल व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित

यातायात प्लान के तहत सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन

  • अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन: लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे।
  • हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन: खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड होते हुए जाएंगे।
  • काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन: खुटानी बैंड से डायवर्ट होकर मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग से जाएंगे।

कैंची धाम जाने वालों के लिए पार्किंग और शटल व्यवस्था

भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े किए जाएंगे। यहां से श्रद्धालु एवं पर्यटक स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे।

वहीं ज्योलीकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों के लिए भवाली सैनिटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है। यहां वाहन पार्क करने के बाद स्थानीय शटल सेवा से कैंची धाम मंदिर तक पहुंचा जा सकेगा।

स्थानीय वाहनों और दोपहिया वाहनों के लिए निर्देश

भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी एवं बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।

भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों के लिए नैनी बैंड प्रथम से सैनिटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली का रूट निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा अवकाश के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी, दोपहिया और पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग और शटल व्यवस्था का पालन करें, ताकि अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके। पुलिस ने सभी से यातायात नियमों का पालन करते हुए यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में सहयोग करने की अपील की है।