देहरादून – बैंक से 1.80 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने और धनराशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरानगर शाखा के प्रबंधक प्रेम रंजन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि लोन की कुल राशि का पांच प्रतिशत यानी नौ लाख रुपये कमीशन के रूप में मांगे गए थे।
सीबीआई के मुताबिक, क्लेमेंट टाउन निवासी आशीष बंबा ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरानगर शाखा में संपत्ति के बदले 1.80 करोड़ रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन और तीन निजी डायरेक्ट सेलिंग एजेंटों ने लोन स्वीकृत कराने के एवज में नौ लाख रुपये की मांग की थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वह पहले ही 2.50 लाख रुपये नकद दे चुका था। इसके बाद शेष रकम के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा था। आरोपियों के कहने पर उसने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक भी दिए थे। शेष 50 हजार रुपये नकद देने की बात तय हुई थी।
50 हजार रुपये लेते एजेंट गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने 18 नवंबर की देर शाम जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान निजी एजेंट नरेंद्र आर्य को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद बैंक शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन और दूसरे एजेंट नीरज राय को भी गिरफ्तार किया गया।
आवासीय परिसरों में तलाशी, दस्तावेज और नकदी बरामद
सीबीआई ने गिरफ्तार आरोपियों के आवासीय परिसरों की तलाशी ली। एजेंसी के अनुसार, इस दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी बरामद हुई है। मामले में चौथे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सीबीआई ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7ए के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को विशेष अदालत में पेश किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
