उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

भूकंप, आग, रासायनिक रिसाव और भगदड़ से निपटने का अभ्यास, नैनीताल में 14 जगह मॉक ड्रिल

हल्द्वानी  – आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को नैनीताल जिले में 14 स्थानों पर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में आपदा प्रबंधन दिवस पर हुए इस अभ्यास में भूकंप, अग्निकांड, शॉर्ट सर्किट, सुरंग में चट्टान टूटने, जलभराव, रासायनिक पदार्थों के रिसाव और भगदड़ जैसी संभावित आपदाओं के कृत्रिम परिदृश्य तैयार किए गए। विभिन्न विभागों और आपदा राहत एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर अपनी तैयारियों का परीक्षण किया।

मॉक ड्रिल के तहत बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल में भूकंप के झटकों और कंपन की स्थिति का अभ्यास किया गया। रामदत्त जोशी जिला चिकित्सालय रामनगर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने, वॉक-वे मॉल हल्द्वानी में भूकंप के बाद अफरा-तफरी और अग्निकांड, जमरानी बांध में सुरंग के भीतर चट्टान टूटने और जलभराव तथा पेपर मिल लालकुआं में रासायनिक पदार्थों के रिसाव की स्थिति का कृत्रिम घटनाक्रम तैयार किया गया। वहीं, कैंचीधाम मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास किया गया।

Advertisement

इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज कालाढूंगी, कसियालेख, गरगड़ी, खैरना, नथुवाखान, भवाली, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर और एचएन इंटर कॉलेज हल्द्वानी में भूकंप के बाद उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों को लेकर मॉक अभ्यास किया गया।

संबंधित उपजिलाधिकारियों और तहसील स्तरीय इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) टीमों के नेतृत्व में सभी निर्धारित स्थलों पर राहत एवं बचाव अभियान संचालित किए गए। इसमें पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, परिवहन और नगर निकायों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

अभ्यास के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में खोज एवं बचाव कार्य, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की क्षमता भी परखी गई। सभी स्थलों पर चल रहे अभ्यास की ऑनलाइन मोबाइल लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से निगरानी और पर्यवेक्षण किया गया।

मॉक ड्रिल के बाद आयोजित डिब्रीफिंग में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने कहा कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों में सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि अभ्यास के दौरान रिस्पॉन्स टाइम अच्छा रहा, लेकिन वास्तविक आपदा के समय इससे भी कम समय में राहत एवं बचाव कार्य शुरू करना जरूरी है, ताकि प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता मिल सके।

इस दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में एसपी संचार रेवाधर मठपाल, उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।