रुद्रपुर में स्वास्थ्य विभाग की सख्ती, 10 अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापेमारी; 3 मशीनें सील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – जिले में पीसी-पीएनडीटी एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुधवार को रुद्रपुर ब्लॉक में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान 10 अल्ट्रासाउंड एवं डायग्नोस्टिक केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया और अनियमितताएं पाए जाने पर तीन मशीनों को सील कर दिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व पीसी-पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. एस. पी. सिंह ने किया। टीम में तहसीलदार प्रतिनिधि संजय कुमार वर्मा (कानूनगो), जिला चिकित्सालय की डॉ. नम्रता त्रिपाठी, जिला समन्वयक प्रदीप महर तथा अधिशासी सहायक गोपाल आर्य शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान अरोरा हार्ट केयर सेंटर, पंत चिकित्सालय, एच.बी. हॉस्पिटल, संजीवनी हॉस्पिटल, राजकीय पशु चिकित्सालय, अमृत हॉस्पिटल, प्रतिमा अल्ट्रासाउंड सेंटर, आहन अल्ट्रासाउंड सेंटर, कृष्णा हॉस्पिटल और शुभम हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

जांच के दौरान पंत चिकित्सालय और शुभम हॉस्पिटल में एक-एक खराब अल्ट्रासाउंड मशीन तथा राजकीय पशु चिकित्सालय में एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन खराब हालत में पाई गई, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

अभियान के दौरान टीम ने फॉर्म-एफ के रख-रखाव, अभिलेखों के मिलान और अनिवार्य सूचनाओं के प्रदर्शन की भी जांच की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य पीसी-पीएनडीटी एक्ट का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई पर रोक लगाना है।

स्वास्थ्य विभाग ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!