प्रवेश द्वारों पर वाहनों की लंबी कतारें, होटल लगभग फुल
नैनीताल- क्रिसमस के बाद वीकेंड पर नैनीताल का पर्यटन कारोबार पूरी तरह रफ्तार पकड़ चुका है। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से शहर समेत आसपास के सभी प्रमुख पर्यटन स्थल गुलजार हो उठे हैं। थर्टी फर्स्ट और नववर्ष के जश्न को लेकर सैलानियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष यातायात योजना लागू की गई, जिससे शहर की मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति तो नहीं बनी, लेकिन एंट्री प्वाइंटों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रतीक्षालय और शटल सेवा के वाहन देरी से पहुंचने के कारण कई पर्यटकों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
क्रिसमस के दिन से ही पर्यटकों का आना शुरू हो गया था, जो शनिवार शाम तक लगातार जारी रहा। सैलानियों ने हिमालय दर्शन, बॉटनिकल गार्डन, केव गार्डन, वाटरफॉल, बारापत्थर घोड़ा स्टैंड, स्नोव्यू और चिड़ियाघर जैसे प्रमुख स्थलों का जमकर आनंद लिया। नैनी झील में सुबह से लेकर शाम तक नौकायन करने वालों की भीड़ लगी रही।
शाम ढलते ही पंत पार्क, तिब्बती बाजार और माल रोड में रौनक बढ़ गई। पर्यटक गर्म कपड़ों के साथ-साथ नैनीताल की यादगार वस्तुएं खरीदते नजर आए।
होटल-गेस्ट हाउस लगभग पैक
शनिवार शाम तक करीब डेढ़ हजार वाहन और शटल सेवा के माध्यम से 10 हजार से अधिक पर्यटक शहर पहुंचे। इसके चलते अधिकांश होटल और गेस्ट हाउस फुल हो गए। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार, थर्टी फर्स्ट में अब केवल दो दिन शेष हैं, ऐसे में नववर्ष तक पर्यटकों की आमद इसी तरह बनी रहने की पूरी उम्मीद है। थर्टी फर्स्ट के लिए अधिकतर होटलों में 50 प्रतिशत से ज्यादा कमरे पहले ही एडवांस बुक हो चुके हैं।

Skip to content











