हल्द्वानी – लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आजाद नगर स्थित प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी के कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया। इसके बाद विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नाडियाड में हुआ था। उनकी जयंती को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन संघर्ष, देशभक्ति और अन्याय के विरुद्ध दृढ़ता से खड़े होने की प्रेरणा देता है।
सिद्दीकी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय रहा। आजादी के बाद देश के पहले गृह मंत्री एवं उपप्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कूटनीतिक सूझबूझ और प्रशासनिक क्षमता के बल पर 562 रियासतों के भारत में विलय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी ऐतिहासिक योगदान के चलते उन्हें भारत की एकता का शिल्पकार कहा जाता है।
उन्होंने खेड़ा सत्याग्रह और बारडोली सत्याग्रह का उल्लेख करते हुए कहा कि सरदार पटेल के व्यक्तित्व में दृढ़ इच्छाशक्ति, सरल स्वभाव, उच्च विचार और नेतृत्व क्षमता का अद्भुत संगम था। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखने का संकल्प लें।
कार्यक्रम में सोमपाल मौर्य, जावेद सिद्दीकी, अरशद अय्यूब, पूर्व पार्षद महबूब आलम, इस्लाम मिकरानी, नईम सलमानी, जावेद मिकरानी, संजय कुमार, अशरफ खान, उमैर मतीन, अनस सिद्दीकी, शकील अंसारी, अथर खान, नाजिम खान, सुरेश गुप्ता, समीर मिकरानी, बबलू, सोनी अंसारी, उस्मान सलमानी, फरहत सिद्दीकी, राजू चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
