उत्तराखण्ड ज़रा हटके भीमताल

ओखलकांडा के ल्वाड डोबा-गौनियारों मार्ग के लिए 3.05 करोड़ मंजूर, जल्द शुरू होगा डामरीकरण

भीमताल – ओखलकांडा ब्लॉक के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। ल्वाड डोबा से गौनियारों तक करीब 11 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए शासन ने 3 करोड़ 5 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो गया है। जलागम मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने संबंधित अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

ल्वाड डोबा से गौनियारों तक का मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था। सड़क की बदहाली के चलते ग्रामीणों, किसानों और आम राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति खराब होने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ जाती थी। क्षेत्रवासियों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग उठाई थी।

पीएमजीएसवाई से लोनिवि को हस्तांतरित हुआ मार्ग

ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए मंत्री कैड़ा ने संबंधित अधिकारियों को मार्ग की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। यह मोटर मार्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) से लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया गया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया, जिस पर अब 3.05 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि शासनादेश जारी हो चुका है और अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही मार्ग पर सुधारीकरण और डामरीकरण का काम शुरू कराया जाएगा।

चारों ब्लॉकों की क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार पर जोर

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण और सुधारीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस स्वीकृति के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए बजट स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय लोगों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया है।