रामनगर – उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों को दीपावली के अवसर पर समय से वेतन का भुगतान नहीं होने पर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने कड़ी नाराजगी जताई है। रामनगर में आयोजित परिषद की क्षेत्रीय समिति की बैठक में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं, आर्थिक कठिनाइयों और सेवा संबंधी मामलों पर चर्चा करते हुए सरकार एवं निगम प्रबंधन से शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि परिवहन निगम के संचालन में कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर भी उन्हें वेतन के लिए इंतजार करना पड़ा। इससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा है। वक्ताओं ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए निगम प्रबंधन से भविष्य में समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
परिषद के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की लंबित मांगों और समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की जिम्मेदारी शासन और निगम प्रबंधन की होगी।
बैठक में लंबित सेवा प्रकरणों, आर्थिक समस्याओं तथा कर्मचारियों से जुड़ी अन्य मांगों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार और निगम प्रबंधन को कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष जगदीश कांडपाल, क्षेत्रीय मंत्री उमेश चंद्र जोशी, गोपाल पपनोई, सुरेंद्र सिंह रावत, दिनेश भंडारी, विवेक कुमार, जगमोहन, श्याम सिंह शाही, कमल तिवारी, योगेश जोशी, अमित बिष्ट, मोहन बोरा और गिरीश चंदानी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
परिषद ने कहा कि कर्मचारी किसी भी संस्थान की रीढ़ होते हैं। ऐसे में उनके अधिकारों, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
