भीमताल – कार्यालयीय कार्यों में देरी और पत्रों के समय पर डिस्पैच न होने के मामले को मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने गंभीरता से लेते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक कर्मचारी को अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध ढंग से करना होगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि कार्यालय में विभिन्न विभागों एवं व्यक्तियों से प्राप्त होने वाले पत्रों को समय से संबंधित पटल पर प्रेषित नहीं किया जा रहा है। इसके चलते कई प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई में अनावश्यक विलंब हो रहा है, जिससे कार्यालयीय कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से विधायक निधि से संबंधित मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि 11 नवंबर को हस्ताक्षर होने के बावजूद 27 नवंबर की अपराह्न तक संबंधित पत्र डिस्पैच नहीं किया गया था। इस पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि छोटी-छोटी दिखने वाली ऐसी लापरवाहियां गंभीर रूप ले सकती हैं। फाइल पर हस्ताक्षर होने के बाद भी पत्र को रोककर रखना सामान्य लापरवाही नहीं माना जा सकता। उन्होंने इस स्थिति को अत्यंत आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि इससे पदीय दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता परिलक्षित होती है।
मामले में मुख्य विकास अधिकारी ने जिला विकास कार्यालय में तैनात वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती सीमा टम्टा से जवाब तलब किया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि पत्र प्राप्त होने के तीन दिन के भीतर अपना तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। साथ ही कार्यालयीय पत्राचार और डिस्पैच व्यवस्था में समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

