भीमताल – ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम सभा रैकूना में बीती रात भीषण अग्निकांड से एक परिवार की पूरी गृहस्थी उजड़ गई। वेदप्रकाश पुत्र संतोष राम के आवासीय मकान में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा मकान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
इस अग्निकांड में घर के भीतर रखा अनाज, कपड़े, जेवरात, बर्तन सहित घरेलू उपयोग का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मौके पर पहुंचकर जाना हाल
घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अग्निकांड की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने के निर्देश
मंत्री कैड़ा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन करने तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। प्रभावित परिवार को राहत और सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
