उत्तराखण्ड कोटद्वार क्राइम

कोटद्वार पुलिस ने किया बाइक चोरी का खुलासा, सहारनपुर का आरोपी गिरफ्तार

कोटद्वार – कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को वादी की तहरीर पर कोतवाली कोटद्वार में अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के शीघ्र खुलासे और चोरी की मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी दबोचा

पुलिस टीम ने पतारसी-सुरागरसी करते हुए मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान 2 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इसरान पुत्र ताहिर निवासी ग्राम देवड़ा कला, थाना चिलकाना, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।