भीमताल – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्रामसभा ल्वेशाल के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। गांव में सिंचाई सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 2 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से लिफ्ट सिंचाई योजना को स्वीकृति मिल गई है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने इसे क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजना की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने और निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और किसानों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ल्वेशाल में लिफ्ट सिंचाई योजना के निर्माण से किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में भी लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सड़क, पेयजल, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य गांवों में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाकर ग्रामीणों को लाभान्वित करना है।
कई गांवों का दौरा कर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के मटेला, पतलोट, अमजड़, सुवाकोट, पोखरी, थली, मोहनागांव और हरिनगर सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री ने अधिकारियों को ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है।
