हल्द्वानी – किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से गुरुवार को विकासखंड हल्द्वानी मुख्यालय स्थित ब्लॉक सभागार में किसान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने की। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों, महिला किसानों, प्रगतिशील किसानों, स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों के सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
विभिन्न विभागों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, रेशम, डेयरी, सहकारिता, ग्रामीण विकास, विद्युत, सिंचाई और बैंकिंग सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं, अनुदान, ऋण और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
कृषि विभाग ने फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल समावेशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उन्नत बीज, जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और कृषि यंत्रीकरण की जानकारी दी। उद्यान विभाग ने फल, सब्जी एवं पुष्प उत्पादन, नर्सरी और सब्सिडी योजनाओं से अवगत कराया। पशुपालन विभाग ने पशु चिकित्सा, टीकाकरण, नस्ल सुधार, डेयरी विकास और पशुधन बीमा योजनाओं की जानकारी दी।
मत्स्य विभाग ने मत्स्य पालन, तालाब निर्माण और अनुदान योजनाओं, जबकि रेशम विभाग ने रेशम कीट पालन, शहतूत पौधरोपण और रेशम उद्योग से आय के अवसरों के बारे में बताया। दुग्ध एवं डेयरी विकास विभाग ने दुग्ध समितियों के गठन और उत्पादन बढ़ाने की योजनाओं की जानकारी दी।
इसके अलावा जिला ग्राम्य विकास अभिकरण ने आजीविका, मनरेगा और स्वयं सहायता समूहों की योजनाओं, सहकारिता विभाग ने खाद, बीज, ऋण एवं भंडारण सुविधाओं तथा विद्युत, उरेडा और सिंचाई विभागों ने सोलर पंप, सिंचाई सुविधा, विद्युत कनेक्शन और जल संरक्षण से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। लीड बैंक और इफको की ओर से किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि ऋण, उर्वरक और फसल प्रबंधन की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया और योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं वितरित कीं।
कुंवरपुर के किसानों की समस्या का मौके पर समाधान
कार्यक्रम के दौरान कुंवरपुर, गौलापार के किसानों ने कृषि निवेश केंद्र कुंवरपुर में बीज, खाद, छोटे कृषि यंत्र और स्प्रे पंप की समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कृषि निवेश केंद्र के प्रभारी से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। किसानों ने इस पहल पर संतोष व्यक्त किया।
अन्य किसानों ने खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई, वन्यजीवों से फसलों की सुरक्षा, मंडी व्यवस्था, कृषि ऋण और फसल बीमा से जुड़ी समस्याएं भी रखीं।
किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान: सीडीओ
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने संबंधित विभागों को किसानों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान का प्रभावी मंच है।
उन्होंने किसानों से आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील करते हुए जैविक खेती, मोटे अनाज, सब्जी एवं पुष्प उत्पादन तथा पशुपालन को आय के बेहतर विकल्पों के रूप में अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया, ताकि अन्य किसान उनसे प्रेरणा लेकर उन्नत खेती की दिशा में आगे बढ़ सकें।
एक ही स्थान पर मिली योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम के समापन पर किसानों ने विभागीय अधिकारियों का आभार जताया। किसानों का कहना था कि इस तरह के आयोजनों से उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, अनुदान और सुविधाओं की जानकारी मिलती है तथा अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रखने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, अधिशासी अभियंता विद्युत प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता उरेडा चांदनी बंसल, अधिशासी अभियंता सिंचाई वीरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई प्रशांत कुमार, सहायक निदेशक रेशम दीपक मेर, सहायक निदेशक मत्स्य रजनी देवराड़ी, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी, सहकारिता विभाग के अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक और विभिन्न विभागों के कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
