नैनीताल – सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने अपने दो दिवसीय नैनीताल दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को जिला सूचना कार्यालय एवं मीडिया सेंटर में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम और विभागीय कर्मचारियों के साथ बैठक कर पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मामलों की प्रगति की जानकारी ली तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में डॉ. उपाध्याय ने पत्रकार मान्यता के लंबित आवेदनों और अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मान्यता के लिए प्राप्त प्रत्येक आवेदन की नियमित रूप से पावती दी जाए। आवेदनों का समयबद्ध परीक्षण कर उनमें पाई जाने वाली कमियों को तत्काल दूर कराया जाए तथा सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद प्रकरण निदेशालय को भेजे जाएं।
चिकित्सा प्रतिपूर्ति के मामलों में न हो देरी
संयुक्त निदेशक ने पत्रकारों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े मामलों को भी निर्धारित समयसीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए तय समयसीमा के भीतर बिल जमा करने की जानकारी दी जाए और पूरी प्रक्रिया के दौरान उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि मीडिया सेंटर में पत्रकारों की ओर से उठाई जाने वाली समस्याओं और मांगों को नियमित रूप से निदेशालय भेजा जाए। लंबित भुगतान और अन्य प्रकरणों के निस्तारण के लिए लगातार फॉलोअप किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों को रिमाइंडर भी भेजे जाएं।
पत्रकारों से संवाद कर सुनीं समस्याएं
दौरे के दौरान डॉ. नितिन उपाध्याय ने मीडिया सेंटर में प्रेस प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। उन्होंने पत्रकारों के सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। पत्रकारों की ओर से उठाए गए विभिन्न प्रकरणों पर उन्होंने निदेशालय स्तर से नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
