
वाराणसी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज वाराणसी स्थित देश के प्रमुख 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उत्तराखंड राज्य की निरंतर प्रगति हेतु बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की। इस आध्यात्मिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं भक्ति भाव से दर्शन किए और पवित्र गर्भगृह में विशेष रुद्राभिषेक भी संपन्न किया। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद समस्त उत्तराखंडवासियों को मिले और राज्य हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुए – यही उनकी मनोकामना है। मुख्यमंत्री की इस धार्मिक यात्रा को जनभावनाओं से जुड़ा कदम माना जा रहा है, जो प्रदेश के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण का संचार करेगा।

