उत्तराखण्ड ज़रा हटके रुद्रपुर

दिनेशपुर में छठ महापर्व की धूम, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया व्रत का पारण

दिनेशपुर – उत्तराखंड के दिनेशपुर में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सोमवार सुबह व्रती महिलाओं और पुरुषों ने छठ घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा खुशहाली की कामना की। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधि-विधान से समापन हुआ।

छठ पूजा के अंतिम दिन सुबह से ही दिनेशपुर के छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पारंपरिक छठ गीतों और भक्तिमय वातावरण के बीच व्रती महिलाएं और पुरुष समीप स्थित नदी में खड़े होकर भगवान सूर्यदेव की उपासना करते नजर आए। सभी ने परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया।

इससे पूर्व रविवार देर शाम व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की थी। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही पूजा की अंतिम रस्में पूरी की गईं।

छठ घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की भारी भीड़, पारंपरिक गीतों और छठी मैया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। महापर्व के दौरान लोगों में विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।