उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

सेनापानी के जंगल में हाथी का खूनी हमला, चारा लेने गई महिला की कुचलकर मौत

खटीमा/हल्द्वानी – हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेंज अंतर्गत सेनापानी के जंगल में शुक्रवार को हाथी के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला जंगल में मवेशियों के लिए चारा और जंगली मशरूम बीनने गई थी। इसी दौरान अचानक सामने आए हाथी ने उस पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, खटीमा के श्रीपुर बिचवा गांव निवासी देवकी राणा (55) पत्नी जवाहर सिंह राणा शुक्रवार को गांव के कुछ अन्य लोगों के साथ सेनापानी के जंगल में गई थीं। सभी लोग जंगल में चारा और जंगली मशरूम एकत्र कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक हाथी ने देवकी राणा पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें जमीन पर पटककर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अचानक हुए इस हमले से जंगल में मौजूद अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मृतका के पुत्र ने तत्काल वन विभाग की चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही शारदा रेंज, हल्द्वानी वन प्रभाग की वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। वहीं बनबसा थाना, जनपद चंपावत की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

किलपुरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कैलाश गुणवंत ने बताया कि घटना जुबलीगंज बीट के कंपार्टमेंट नंबर दो, सेनापानी, शारदा रेंज क्षेत्र की है। मृतका खटीमा के श्रीपुर बिचवा गांव की निवासी थीं। वन विभाग और पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस दर्दनाक घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है।