भीमताल – नैनीताल जिले में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमताल पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,300 रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। मामले में कोतवाली भीमताल में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भीमताल राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को सौन गांव, भीमताल के पास सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने के आरोप में चार लोगों को पकड़ा गया। उनकी पहचान जसवंत सिंह क्वीरा (33), निवासी मेहरागांव, गोपाल सिंह (32), निवासी मेहरागांव, महेंद्र सिंह (42), निवासी गोरखपुर तिराहा और नरेश राणा (36), निवासी मेहरागांव के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 3,300 रुपये और ताश के पत्ते बरामद किए। इस मामले में कोतवाली भीमताल में मुकदमा संख्या 46/26 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह देऊपा, अपर उपनिरीक्षक अजुला जॉन, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह राणा, कांस्टेबल चालक मनोज पंत और होमगार्ड अनस अंसारी शामिल रहे।
