हल्द्वानी – दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) हल्द्वानी में एस्पिरेंट लर्निंग के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय Haldwani DPS MUN 2026 का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। आयोजन में 145 से अधिक विद्यार्थियों ने आठ विभिन्न समितियों के माध्यम से वैश्विक मुद्दों, अंतरराष्ट्रीय संबंधों, कूटनीति और समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस दौरान विद्यार्थियों ने शोध, तार्किक क्षमता और प्रभावशाली संवाद कौशल का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न समितियों में गहन चर्चा, विचार-विमर्श और बहस का दौर चला। विद्यार्थियों ने अलग-अलग देशों और संगठनों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए वैश्विक चुनौतियों पर अपने विचार रखे। विभिन्न विषयों पर तर्कों के साथ पक्ष रखने और समाधान तलाशने की प्रक्रिया ने प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय मंचों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव दिया।
समापन समारोह में पांच बार की TEDx स्पीकर भाविका डाबर मुख्य आकर्षण रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आत्मविश्वास, प्रभावशाली अभिव्यक्ति और निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अपने विचारों को स्पष्टता और दृढ़ता के साथ प्रस्तुत करना व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उनके संबोधन ने विद्यार्थियों को संवाद कौशल बेहतर बनाने और अपनी क्षमताओं को निखारने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में सभी आठ समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ‘बेस्ट डेलीगेट’ सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने पंजाबी और अर्धशास्त्रीय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सांस्कृतिक रंग भी बिखेरे।
आयोजन की सफलता में योगदान देने वाली एस्पिरेंट लर्निंग की निर्णायक टीम, निर्णायकों और समन्वयकों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या रंजना शाही को उनके मार्गदर्शन और सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
दो दिवसीय MUN आयोजन विद्यार्थियों के लिए नेतृत्व क्षमता, शोध कौशल, तार्किक चिंतन और प्रभावी संवाद विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। इसने विद्यार्थियों को वैश्विक विषयों को समझने और विभिन्न दृष्टिकोणों के साथ उन पर विचार रखने का अवसर प्रदान किया।

