भीमताल – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भूस्खलन से क्षतिग्रस्त टपूवा-बबियाड़ मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। सड़क को दुरुस्त करने के लिए करीब 73 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने की प्रक्रिया शासन स्तर पर गतिमान है। जल्द ही इसके लिए वित्तीय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। यह जानकारी कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने दी।
मंत्री कैड़ा ने बताया कि भूस्खलन के कारण मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों की समस्या को देखते हुए सड़क के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि क्षतिग्रस्त मार्ग को शीघ्र दुरुस्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।
कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे विकास कार्यों पर भी राजनीति कर रहे हैं, जिनकी स्वीकृति की प्रक्रिया शासन में चल रही है। विपक्ष को जनता को गुमराह करने के बजाय विकास कार्यों में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करना है। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि जनता को राहत पहुंचाना ही उनका संकल्प है। क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
