उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

जनता की समस्याओं पर सख्त हुए आयुक्त दीपक रावत, जनसुनवाई में मौके पर निपटाए कई मामले

हल्द्वानी – आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में जनसुनवाई कर भूमि विवाद, दुर्घटना बीमा क्लेम, संपत्ति में हिस्सा दिलाने और जमीन पर कब्जा दिलाने सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों एवं पक्षकारों को तलब कर मौके पर ही समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

पूर्व सैनिकों के दुर्घटना बीमा क्लेम के लिए होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

जनसुनवाई में हल्द्वानी निवासी अनीता ने अपने पति की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद दुर्घटना बीमा की धनराशि नहीं मिलने का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि उनके पति भूतपूर्व सैनिक थे और उनकी पेंशन बैंक ऑफ बड़ौदा में आती थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी और बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों को कैम्प कार्यालय में तलब कर बीमा क्लेम नहीं मिलने का कारण पूछा।

बैंक अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना बीमा का लाभ रक्षा पेंशन पैकेज के अंतर्गत मैप किए गए खाते पर ही मिलता है, जिसमें नियमित रूप से पेंशन जमा हो रही हो। संबंधित पूर्व सैनिक का खाता सामान्य बचत खाता था, जिसके कारण बीमा क्लेम का लाभ नहीं मिल सका। अधिकारियों ने बताया कि रक्षा पेंशन पैकेज के तहत पात्र पूर्व सैनिक की दुर्घटना में मृत्यु होने पर लगभग 35 लाख रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध है।

इस पर आयुक्त दीपक रावत ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि रक्षा पेंशन पैकेज के तहत मिलने वाले दुर्घटना बीमा की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि सभी पूर्व सैनिक अपने पेंशन खातों को इस पैकेज के अंतर्गत मैप करा सकें और उनके परिवारों को बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सके।

मुकेश भट्ट को वापस मिलेंगे 5.50 लाख रुपये

हल्द्वानी निवासी मुकेश भट्ट ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने दो वर्ष पूर्व माया देवी से भूमि खरीदने के एवज में 5.50 लाख रुपये दिए थे, लेकिन न तो उन्हें भूमि का कब्जा मिला और न ही उनकी धनराशि वापस की गई। मामले में आयुक्त ने दोनों पक्षों को तलब कर सुनवाई की। इसके बाद आपसी समझौते के आधार पर माया देवी को एक माह के भीतर 5.50 लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में धनराशि वापस नहीं किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्टे वाली 60 बीघा जमीन पर फसल बोने और निर्माण करने पर रोक

जनसुनवाई में जसपुर निवासी अनीता शर्मा ने अपनी 60 बीघा भूमि को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि विवाद के चलते न्यायालय से भूमि पर स्टे लिया गया है, इसके बावजूद दूसरा पक्ष जमीन पर फसल बोने, तारबाड़ करने और टीन शेड बनाने का कार्य कर रहा है।

इस पर आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिस भूमि पर न्यायालय का स्थगन आदेश (स्टे) लागू है, उस पर न्यायालय का अगला आदेश आने तक कोई भी पक्ष निर्माण, तारबाड़ अथवा अन्य गतिविधि नहीं करेगा। उन्होंने संबंधित पक्ष को चेतावनी दी कि स्टे के बावजूद भूमि पर किसी प्रकार का कार्य किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।