उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

सड़क सुरक्षा अभियान में नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 251 वाहनों के चालान

नैनीताल – सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने जिलेभर में विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया है। 16 नवंबर से शुरू हुए सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत पुलिस ने अब तक 251 वाहनों के चालान किए हैं, जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर 10 वाहनों को सीज किया गया है। इसके अलावा सात वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का पालन और स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। विशेष रूप से स्कूल बसों, स्कूल वैन, कैब और यात्री बसों का निरीक्षण किया जा रहा है।

स्कूल बसों की सुरक्षा पर विशेष नजर

पुलिस द्वारा अब तक 20 स्कूल बसों की जांच की गई है, जिनमें अनियमितताएं मिलने पर चार बसों के चालान किए गए। निरीक्षण के दौरान वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा और चालक के ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता जांची जा रही है। इसके साथ ही निर्धारित यात्री क्षमता, आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा किट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी देखी जा रही है।

33 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संचालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 33 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला है। वाहन संचालकों को सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने और वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को अभियान गंभीरता से जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता न हो।