पंतनगर – राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मंगलवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के सभागार में ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जनपद के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों तथा प्रभागीय वनाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में दोनों जनपदों में संचालित विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जिले की भौगोलिक स्थिति, विकास कार्यों और प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनजातीय क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए दो एकलव्य मॉडल स्कूल संचालित हैं। किच्छा में सैटेलाइट एम्स का निर्माण पूरा हो चुका है और जल्द ही इसका संचालन शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय में क्रिटिकल केयर सेंटर का निर्माण पूरा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को नीट और जेईई परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग एवं शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा प्रत्येक ब्लॉक, न्याय पंचायत और जिला स्तर पर पुस्तकालय संचालित किए जा रहे हैं। कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल, वेयरहाउस और काशीपुर में 10 एमएलडी क्षमता के एसटीपी का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है।
रुद्रपुर और काशीपुर में यातायात सुधार पर जोर
जिलाधिकारी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रुद्रपुर और काशीपुर में ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। रुद्रपुर रिंग रोड के निर्माण से यातायात जाम की समस्या में काफी राहत मिली है, जबकि काशीपुर बाइपास सड़क का निर्माण तेजी से प्रगति पर है। राज्य अतिथि गृह का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। इस दौरान एसएसपी अजय गणपति ने जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
जमरानी बांध परियोजना को 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जमरानी बांध परियोजना का कार्य प्रगति पर है और इसे वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। हल्द्वानी में एडीबी के सहयोग से सड़क, फुटपाथ और ड्रेनेज से जुड़े कार्य भी चल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कैंचीधाम और कौसानी-बागेश्वर सड़क मार्ग पर डामरीकरण का कार्य प्रगति पर है। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए नैनीताल, रामनगर और कैंचीधाम में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने जिले की कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।
नशे पर रोकथाम और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश
राज्यपाल ने नशे की प्रभावी रोकथाम के लिए अधिकारियों को कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए जाएं। राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना की स्थिति में त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित स्थानों पर एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
राज्यपाल ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी जनमन योजना का लाभ सभी पात्र लोगों तक शत-प्रतिशत पहुंचाया जाना चाहिए। इसके साथ ही अवैध मदिरा और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
बैठक में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति, एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अरविंद पांडेय, सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी, डॉ. रश्मि पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
