उत्तराखण्ड कालादुंगी ज़रा हटके

मुख्यमंत्री के दौरे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, दर्जनों कार्यकर्ता गिरफ्तार

एथेनॉल फैक्ट्री बंद करने, बेरोजगारी और जनसमस्याओं को लेकर कर रहे थे विरोध : नीरज तिवारी

कालाढूंगी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कालाढूंगी आगमन के दौरान क्षेत्र की ज्वलंत जनसमस्याओं को लेकर विरोध दर्ज कराने पहुंचे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं को उनके सामने रखना चाहते थे।

उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे थे। उनकी प्रमुख मांग चकलुवा स्थित एथेनॉल फैक्ट्री को तत्काल बंद कराने, क्षेत्र की जनता को प्राधिकरण से राहत दिलाने, बढ़ती बेरोजगारी पर अंकुश लगाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार एवं अपराधों पर प्रभावी रोक लगाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके अलावा बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और अन्य जनसमस्याओं का भी प्राथमिकता से समाधान होना चाहिए।

नीरज तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री को क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं से अवगत कराना और जनता के अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण विरोध करना कांग्रेस का संवैधानिक अधिकार है। लेकिन जनता की आवाज सुनने के बजाय कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के चोटिल होने की भी सूचना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि सरकार से सभी जनसमस्याओं के समाधान के लिए ठोस निर्णय और लिखित आदेश चाहती है। उन्होंने कहा कि जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी और गिरफ्तारी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।