उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

बारात से पहले लेनी होगी अनुमति, बैंक्वेट हॉल संचालकों को पुलिस ने थमाए दिशा-निर्देश

हल्द्वानी – आगामी विवाह समारोहों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर शनिवार को एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने बैंक्वेट हॉल प्रबंधकों, डीजे सिस्टम और बैंड-बाजा संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में आयोजित गोष्ठी में हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मुखानी और काठगोदाम थाना क्षेत्रों के संचालक शामिल हुए। बैठक में विवाह समारोहों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बारात के संचालन, पार्किंग और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

रात 10 बजे के बाद डीजे और बैंड बजाने पर रोक

पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रात 10 बजे के बाद डीजे सिस्टम और बैंड-बाजा बजाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी बारातें बैंक्वेट हॉल से कम से कम 100 मीटर की दूरी से चढ़ाई जाएंगी। बारात की बुकिंग के लिए संबंधित अधिकारी से आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य होगा। साथ ही बैंक्वेट हॉल संचालकों को बारात की बुकिंग और समय की जानकारी पहले से संबंधित थाना प्रभारी को देनी होगी।

सीसीटीवी, वालंटियर और पार्किंग की जिम्मेदारी बैंक्वेट हॉल संचालकों की

पुलिस ने सभी बैंक्वेट हॉल प्रबंधकों को परिसर के अंदर और चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए वालंटियर नियुक्त करने के निर्देश दिए। बारात में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी। किसी भी वाहन को मुख्य सड़क पर खड़ा नहीं किया जाएगा।

बैंक्वेट हॉल संचालकों को वर-वधू पक्ष के साथ पहले से समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि बारात निर्धारित समय पर बैंक्वेट हॉल पहुंचे और मुख्य सड़क पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।

असलाह लेकर प्रवेश नहीं, आतिशबाजी में भी बरतनी होगी सावधानी

पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी बाराती असलाह लेकर बैंक्वेट हॉल में प्रवेश नहीं करेगा। विवाह समारोहों में लगाए जाने वाले कैटरर्स, बैंड और डीजे संचालकों का सत्यापन कराना भी अनिवार्य होगा। बैंड-बाजा संचालकों को छोटी ट्रॉली के साथ सड़क किनारे चलने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात बाधित न हो।

इसके अलावा सड़क के बीचों-बीच या भीड़ के बिल्कुल नजदीक खतरनाक आतिशबाजी करने पर रोक लगाई गई है। पुलिस ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से जनसुरक्षा और आगजनी का खतरा पैदा हो सकता है।

थाना प्रभारी और यातायात पुलिस रखेंगे लगातार निगरानी

एसपी हल्द्वानी ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्रों में बारातों की सूचना मिलने पर लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उद्देश्य यह है कि विवाह समारोहों के दौरान आम नागरिकों को जाम और अन्य असुविधाओं का सामना न करना पड़े।

बैठक में कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, मुखानी प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी, काठगोदाम प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, बनभूलपुरा प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल, यातायात निरीक्षक भूपेश पाण्डेय, सीपीयू प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीश राय, मंगल पड़ाव चौकी प्रभारी दीपक कार्की, हीरानगर चौकी प्रभारी संजीत राठौड़ सहित बैंक्वेट हॉल प्रबंधक, डीजे और बैंड-बाजा संचालक मौजूद रहे।