उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार, पहाड़ी शहरों के सुनियोजित विकास पर केंद्र का जोर

हल्द्वानी – उत्तराखंड के शहरों को उनकी भौगोलिक और प्राकृतिक विशेषताओं के अनुरूप ‘हिल एंड हिमालयन सिटी’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए शहरों का सुनियोजित विकास, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार और पर्यटन स्थलों की सुंदरता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह निर्देश केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू ने मंगलवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में दिए।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां के अधिकांश शहरों में पहाड़ी एवं हिमालयी क्षेत्र की विशेषताएं हैं। ऐसे में इन शहरों का नियोजित विकास होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण पर विशेष जोर

मंत्री ने अधिकारियों को शहरों की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि नदियों में किसी भी स्थिति में गंदा पानी नहीं जाना चाहिए। नगर निकायों में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना सभी नगर निकायों की जिम्मेदारी है।

आचार संहिता से पहले पूरे हों विकास कार्य

बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री ने निर्देश दिए कि आचार संहिता लागू होने से पहले नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में चल रहे सभी लंबित विकास कार्य शत-प्रतिशत पूरे किए जाएं। साथ ही प्रस्तावित कार्यों को भी आचार संहिता लागू होने से पहले शुरू कराने के प्रयास किए जाएं, ताकि बाद में विकास कार्य प्रभावित न हों।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के अधिकांश बाजार पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित हैं। ऐसे में बाजारों में मूलभूत सुविधाओं, यातायात व्यवस्था और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारी प्राथमिकता से काम करें।

कैंची धाम और नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटकों पर चर्चा

बैठक में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश सिंह ने बताया कि कैंची धाम में बाबा के दर्शन करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु नैनीताल भी पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में तीन पार्किंग संचालित हैं, जबकि कूड़ा निस्तारण एक प्रमुख चुनौती बनी हुई है। नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था लागू की गई है।

वहीं, लालकुआं को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और स्वच्छता व्यवस्था के क्षेत्र में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में नगर निगम हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा सहित नगर पंचायत लालकुआं, भीमताल, भवाली, कालाढूंगी और रामनगर के अधिकारी उपस्थित रहे।