उत्तराखण्ड ज़रा हटके भीमताल

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम, मानदेय बढ़ाने पर सीएम धामी का अभिनंदन

भीमताल – प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों और भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि किए जाने के निर्णय का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने स्वागत किया है। उन्होंने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर लगातार जनकल्याणकारी निर्णय ले रही है।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर और भोजन माताएं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ये महिलाएं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं। ऐसे में उनके मानदेय में वृद्धि का निर्णय सराहनीय और स्वागत योग्य है।

महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल

उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ने से इन महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और उनका मनोबल भी बढ़ेगा। लंबे समय से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में इनकी महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। सरकार ने इनके योगदान को देखते हुए मानदेय वृद्धि का निर्णय लिया है।

महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण पर सरकार का जोर

मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण तथा समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री का पुनः आभार जताते हुए कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प के साथ प्रदेश के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है।