देहरादून – उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शुभकामना संदेश भेजकर प्रदेशवासियों को बधाई दी। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा, समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड आने वाले समय में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
https://x.com/pushkardhami/status/2119619960075079840?s=20
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक वैभव और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत उत्तराखंड को विशिष्ट पहचान देते हैं। चारधाम, पंच केदार, पंच प्रयाग, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश जैसे धार्मिक स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने प्रदेश से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए केदारनाथ, आदि कैलाश और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बिताए समय को याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता है।
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी से विकास को मिलेगी गति
प्रधानमंत्री ने पिछले एक दशक में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए कार्यों को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से पर्यटन, व्यापार और उद्योगों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई। उन्होंने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के पुनर्निर्माण तथा सीमांत गांवों में वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना की।
पर्यटन, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण पर जोर
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने पर्यटन, होमस्टे, विंटर टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म की संभावनाओं का उल्लेख किया। साथ ही आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को भी महत्वपूर्ण बताया। जल जीवन मिशन, नए मेडिकल कॉलेजों, शिक्षा के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, किसानों के कल्याण और ऊर्जा परियोजनाओं को प्रदेश की प्रगति के प्रमुख आधारों में शामिल किया।
प्रधानमंत्री ने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और सुशासन से जुड़े कदमों की सराहना की। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को भी प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
लोक संस्कृति और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण का आह्वान
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकगीत, लोकसंस्कृति, पारंपरिक त्योहार और उत्तराखंड का खानपान प्रदेश की पहचान और आत्मा हैं। विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से विकास के अवसर प्रदेश के हर गांव, परिवार और युवा तक पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया प्रधानमंत्री का आभार
https://x.com/narendramodi/status/2119618544048775526?s=20
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश और प्रदेश की उपलब्धियों की सराहना के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और मार्गदर्शन राज्यवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं साकार हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने तथा ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
