हल्द्वानी – कुमाऊं मंडल के मंडलायुक्त दीपक रावत और नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंडल एवं जनपदवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है।
अपने शुभकामना संदेश में दोनों अधिकारियों ने कहा कि दीपावली प्रकाश, उल्लास, प्रेम और आपसी भाईचारे का पर्व है। यह त्योहार समाज में सद्भाव और एकता का संदेश देने के साथ ही जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है। उन्होंने सभी से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने आतिशबाजी के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि पटाखे खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं और बच्चों को आतिशबाजी करते समय अकेला न छोड़ें। पटाखे जलाने के लिए लंबी मोमबत्ती या अगरबत्ती का प्रयोग करें तथा ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखें। उन्होंने सूती एवं सुरक्षित कपड़े पहनने के साथ ही एहतियात के तौर पर आसपास पानी और बालू की व्यवस्था रखने की भी सलाह दी।
उन्होंने कहा कि जले हुए अथवा नहीं फूटे पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास न करें और पटाखे हाथ में लेकर बिल्कुल न जलाएं। आतिशबाजी के दौरान बुजुर्गों, छोटे बच्चों, बीमार व्यक्तियों और पशु-पक्षियों का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही अत्यधिक ध्वनि और धुआं फैलाने वाले पटाखों से परहेज कर पर्यावरण संरक्षण में भी अपना योगदान दें।
अधिकारियों ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का त्योहार नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां बांटने का भी अवसर है। उन्होंने सभी से जरूरतमंदों की सहायता करने और दीपावली को शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की।
