रुद्रपुर – स्क्वे एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में युवा भवन, युवा कल्याण विभाग के ऑडिटोरियम में तृतीय राज्य स्तरीय स्क्वे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 210 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पदकों के आधार पर ऊधमसिंह नगर ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पौड़ी जनपद दूसरे और पिथौरागढ़ तीसरे स्थान पर रहा। विजेता जिलों के खिलाड़ियों ने अपने कोच, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि नारायण हॉस्पिटल के एमडी डॉ. प्रदीप अदलखा एवं डॉ. सोनिया अदलखा ने किया। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी अजय तिवारी, ग्राम प्रधान शिमला जगजीत गंभीर और स्क्वे एसोसिएशन उत्तराखंड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार चौहान मौजूद रहे। अतिथियों ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
210 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पदक तालिका में ऊधमसिंह नगर अव्वल
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों के लिए मुकाबला किया। कड़े प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों के बाद ऊधमसिंह नगर ने सर्वाधिक पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। पौड़ी ने दूसरा और पिथौरागढ़ ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका जितेंद्र कुमार मौर्य, प्रसून वर्मा, मोना कश्यप, शानू कश्यप और विशाल शर्मा ने निभाई। वहीं संस्था के वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों मनीत सिंह, कुबेर भारती, दीपा सनवाल, निशा रामपाल, राजवीर सिंह, नीरज यादव, दिनेश परिहार, कविता परिहार, हितेश सिंह, तुषार पंवार, आरती पुजारी और आरिफा हसन खान ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जनवरी में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उतरेंगे चयनित खिलाड़ी
समापन अवसर पर संस्था के सचिव मोहम्मद हसन खान ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी जनवरी माह में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए संस्था निरंतर प्रयासरत है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों का आभार जताया।
