काशीपुर – उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने की कवायद के बीच नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मतीन सिद्दीकी का काशीपुर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। समाजवादी पार्टी के नेता नदीम अख्तर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उत्साह जताया।
स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मतीन सिद्दीकी ने कहा कि वह कार्यकर्ताओं के बीच रहने वाले व्यक्ति हैं और सभी को अपना भाई मानते हैं। पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह कार्यकर्ताओं के भरोसे का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का विश्वास ही उनकी ताकत है और सभी के सहयोग से उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी को मजबूत किया जाएगा।
मतीन सिद्दीकी ने कहा कि पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर रही है। उनका दावा है कि समाजवादी पार्टी उत्तराखंड में तीसरे मोर्चे के रूप में उभर सकती है और चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जाति और धर्म के आधार पर राजनीति अधिक समय तक नहीं चल सकती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने तथा आगामी चुनाव में जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मतीन सिद्दीकी, जावेद सिद्दीकी, नदीम अख्तर, अमर सिंह सागर, शमशाद रशीद, महागीर तथा प्रदेश प्रभारी पूनम वाणी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
