लालकुआं में बंद मकान में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

लालकुआं – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में लालकुआं पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई है। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, हल्दूचौड़ के अंबिकापुरम निवासी कलावती भट्ट करीब दो माह पूर्व उपचार के लिए अपनी बेटी के पास बेंगलुरु गई थीं। इस दौरान उनका मकान बंद था। 4 सितंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। तहरीर के आधार पर लालकुआं थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया। एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद और प्रभारी निरीक्षक बृजभूषण राणा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर 19 सितंबर को जयपुरबीसा, हल्दूचौड़ क्षेत्र से यासीन पुत्र सफी अहमद, निवासी डोंगपुरी, थाना गदरपुर, ऊधमसिंह नगर, उम्र 35 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के आभूषण और सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त 25 हजार रुपये बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पेंट का काम तलाशने के बहाने करते थे रेकी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी आबिद उर्फ लालू के साथ दिन में पेंट का काम तलाशने के बहाने इलाके में घूमते थे और बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात करीब 12 से 1 बजे के बीच, जब आसपास के लोग सो जाते थे, वे ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

फरार साथी की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल आबिद उर्फ लालू पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी डोंगपुरी, थाना गदरपुर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपी यासीन का आपराधिक इतिहास भी जुटाया जा रहा है।

यह सामान हुआ बरामद

  • पीली धातु की फूलदार अंगूठी—01
  • चांदी का मंगलसूत्र—01
  • चांदी की पायल—01 जोड़ी
  • चांदी के बिछुए—02 जोड़ी
  • सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त नकदी—25,000 रुपये

पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल गणेश गिरी शामिल रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!