उत्तराखण्ड क्राइम हल्द्वानी

बनभूलपुरा में 8.89 ग्राम स्मैक के साथ 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

हल्द्वानी – नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को कथित तौर पर स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवक के कब्जे से 8.89 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश चंद्र फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।

इस्लाम के झोपड़ी के पास हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर 2026 को चेकिंग एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान बनभूलपुरा क्षेत्र में इस्लाम के झोपड़ी के पास एक युवक को पकड़ा गया। उसकी पहचान विशाल पाल (20) पुत्र मनोज पाल, निवासी स्टेडियम, गोलापार, थाना काठगोदाम, नैनीताल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8.89 ग्राम स्मैक बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा संख्या 183/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे।