न्याय की गुहार लेकर कोतवाली पहुंचे पीड़ित, पूर्व विधायक नारायण पाल ने उठाई आवाज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

सितारगंज – दो अलग-अलग मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कुछ पीड़ित सितारगंज कोतवाली पहुंचे। इस दौरान उनके समर्थन में पूर्व विधायक नारायण पाल भी मौजूद रहे। पीड़ितों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए मामलों में निष्पक्ष एवं शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान बंगाली कॉलोनी, वार्ड नंबर 11 निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी नाबालिग बेटी घर से कहीं चली गई है। महिला का आरोप है कि शिकायत किए जाने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उसने पुलिस से अपनी बेटी की जल्द तलाश कर आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगाई।

वहीं कैलाशपुरी निवासी आनंद सागर ने बताया कि कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद मामले में उचित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पीड़ितों की समस्याएं सुनने के बाद पूर्व विधायक नारायण पाल ने पुलिस प्रशासन से दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि उन्हें न्याय के लिए भटकना न पड़े।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी सुंदरम शर्मा ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस द्वारा विधिपूर्वक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस पीड़ितों का पूरा सहयोग कर रही है और मामलों की जांच जारी है। जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!