नैनीताल। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में 79 यूके बटालियन एनसीसी नैनीताल द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन कैडेटों के लिए विभिन्न प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कैंप कमांडर कर्नल अभिजीत मेहता के निर्देशन में आयोजित गतिविधियों में कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर की शुरुआत शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी), ड्रिल, फायरिंग अभ्यास तथा माउंटेन इक्विपमेंट प्रशिक्षण के साथ हुई। इसके अलावा आधुनिक तकनीक के बढ़ते महत्व को देखते हुए कैडेटों को ड्रोन संचालन एवं उसके उपयोग से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान ड्रोन की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं और विभिन्न क्षेत्रों में इसके उपयोग की विस्तृत जानकारी साझा की गई।


कैडेटों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से कला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कैडेटों ने अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मक कौशल का प्रदर्शन करते हुए बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में कैंप कमांडर कर्नल अभिजीत मेहता तथा विभागीय अधिकारी यशपाल सिंह रावत ने कैडेटों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षों के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण वैश्विक आवश्यकता बन चुका है और प्रत्येक नागरिक को प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर शिविर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में ग्रुप कैप्टन मधु सैंगर, सूबेदार मेजर ऑनरेरी लेफ्टिनेंट चंचल सिंह, सूबेदार तिरभुवन चंद्र तथा यशपाल सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। शिविर के चौथे दिन आयोजित सभी गतिविधियों में कैडेटों का उत्साह और अनुशासन देखने लायक रहा।

Skip to content










