रुद्रपुर – जिला सभागार में सोमवार को आयोजित “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम में किसानों को टिकाऊ एवं जैविक खेती अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने प्रतिभाग करते हुए किसानों से संतुलित उर्वरकों के प्रयोग और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बेहतर भविष्य और टिकाऊ कृषि व्यवस्था के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। खेतों में गोबर खाद और हरी खाद के अधिकाधिक उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहती है। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से जहां मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है, वहीं खाद्यान्न और सब्जियों की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।


अजय मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। ऑर्गेनिक खेती न केवल पर्यावरण के अनुकूल है बल्कि इससे उत्पादित फसलें स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होती हैं। उन्होंने किसानों से अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ मिट्टी के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव ने बताया कि “खेत बचाओ अभियान” के तहत 1 जून से 30 जून तक जनपद के सभी विकासखंडों में जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि मिट्टी की जांच कराकर ही उर्वरकों और कीटनाशकों का प्रयोग करें, ताकि भूमि की उत्पादकता लंबे समय तक बनी रहे।
इस दौरान पंतनगर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के उपयोग तथा उनके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि तकनीकों से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य और राशन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला एवं विकासखंड स्तर के प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, जिला पंचायत सदस्य सूरज नारायण, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, मुख्य उद्यान अधिकारी सतीश कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Skip to content










