रामनगर – नशे में वाहन चलाकर सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करना एक वाहन चालक को महंगा पड़ गया। रामनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर उसके वाहन को सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों तथा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रामनगर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली।


प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान वाहन संख्या UK04C-0021 स्कॉर्पियो के चालक मोधवीर पुत्र सतनाम सिंह, निवासी काशीपुर को संदिग्ध परिस्थितियों में रोका गया। जांच के दौरान चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए तथा सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करते पाया गया।
पुलिस द्वारा चालक का मेडिकल परीक्षण और एल्कोमीटर टेस्ट कराया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नशे में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर खतरा साबित हो सकता है।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

Skip to content











