Breaking News

फायर सर्विस की तत्परता से टला बड़ा हादसा, ट्रांसफार्मर पोल से हटाया गया विशाल पेड़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – कमलुवागांजा चौराहे पर ट्रांसफार्मर पोल पर गिरे एक विशालकाय पेड़ को फायर स्टेशन हल्द्वानी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित रूप से हटाकर संभावित दुर्घटना और यातायात बाधा को टाल दिया। फायर सर्विस की तत्परता से क्षेत्र में जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात लगभग 9:50 बजे फायर स्टेशन हल्द्वानी को सूचना प्राप्त हुई कि कमलुवागांजा चौराहे के समीप एक बड़ा पेड़ ट्रांसफार्मर पोल पर गिर गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका के साथ-साथ यातायात प्रभावित होने का खतरा उत्पन्न हो गया।

सूचना मिलते ही फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फायर कर्मियों ने स्काई लिफ्ट मशीन की सहायता से ऊंचाई तक पहुंचकर वुडन कटर के माध्यम से पेड़ की शाखाओं और तने को छोटे-छोटे हिस्सों में काटा। इसके बाद पेड़ को सुरक्षित रूप से सड़क से हटाकर मार्ग को पूरी तरह सुचारु कर दिया गया।

समय रहते की गई कार्रवाई के चलते किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने भी फायर सर्विस की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की।

राहत एवं बचाव अभियान में एलएफएम अनुज शर्मा, डीवीआर श्याम सिंह नैनवाल, एफएम सुरेंद्र सिंह नबियाल और एफएम हीरा सिंह तोमक्याल सहित फायर यूनिट के अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

फायर विभाग ने कहा कि आपदा अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसी घटनाओं में त्वरित कार्रवाई के लिए टीम हर समय तैयार रहती है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!