जंगली हाथी ने ली दो जानें,जांच में जुटा वन विभाग, तराई में फिर दहशत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

लालकुआं – लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शाह पठानी इलाके में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगली हाथी के हमले में दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। जानकारी के अनुसार, तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज के अंतर्गत शाह पठानी खत्ते में मंगलवार देर रात एक जंगली हाथी ने दो लोगों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतकों में एक की पहचान बांधो प्रजापति (75 वर्ष), निवासी झारखंड के रूप में हुई है, जो खेतों में चौकीदारी का कार्य करता था। जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति था। घटना स्थल पर उमेश चन्द्र तिवारी, अमित सैनी, उप प्रभागीय वनाधिकारी शशि देव, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा तथा वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं, प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों को जंगल के नजदीकी इलाकों में अकेले जाने से बचने की सलाह दी है।

तहसीलदार ईश्वरी सिंह भीमा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है और मुआवजा वन विभाग द्वारा नियमानुसार दिया जाएगा।

इधर, मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। परिजनों के अनुसार, मृतक लंबे समय से खत्तों में रहकर चौकीदारी का कार्य कर रहे थे और घटना के समय खेतों की रखवाली कर रहे थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!