Breaking News

अल्मोड़ा में नाबालिग से दुष्कर्म के विरोध में उबाल, ग्रामीणों ने निकाला जुलूस और की कड़ी कार्रवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा- अल्मोड़ा जनपद में नाबालिग के साथ पहचान छिपाकर दुष्कर्म किए जाने की घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। शनिवार को ग्रामीणों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

धौलादेवी से निकला विरोध जुलूस चलमोड़ी गाड़ा, दन्यां और गौली होते हुए आटी पहुंचा। इस दौरान दन्यां चौराहे पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे समाज के लिए गंभीर खतरा बताया। महामंडलेश्वर लाल बाबा ने कहा कि देवभूमि की मर्यादा को ठेस पहुंचाने वालों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए।

व्यापार मंडल दन्यां के अध्यक्ष पूरन सिंह बिष्ट ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर चिंता जताते हुए बाहरी लोगों को किराये पर मकान या दुकान देने से पहले अनिवार्य पुलिस सत्यापन की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ जल्द कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

यह जुलूस महामंडलेश्वर लाल बाबा और प्रधान संगठन धौलादेवी के नेतृत्व में निकाला गया, जिसमें भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह डसीला, छात्र संघ अध्यक्ष गोकुल सिंह डसीला, प्रधान संगठन अध्यक्ष सुरेश चंद्र भट्ट, उपाध्यक्ष हरीश मलारा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मुकुल पंत, नीरज पंत, डीके जोशी, ईश्वर सिंह सहित अनेक सामाजिक संगठनों के लोग शामिल रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!