देहरादून – उत्तराखंड को बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली, जब पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन, देहरादून में 215 नवनियुक्त उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब तक की परीक्षा केवल एक शुरुआत थी, असली परीक्षा अब शुरू हो रही है, जिसमें ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की कसौटी पर खरा उतरना होगा।
नियुक्ति पाने वालों में 104 उप-निरीक्षक, 88 गुल्मनायक (पीएसी) तथा 23 अग्निशमन द्वितीय अधिकारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्दी केवल अधिकार नहीं, बल्कि जनता के प्रति बड़ी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनता के विश्वास पर भी खरा उतरेंगे।


सीएम धामी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य युवाओं को अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस और अग्निशमन विभाग राज्य की रीढ़ हैं और इन विभागों में आने वाले युवाओं को संवेदनशीलता, साहस और सेवा भावना के साथ कार्य करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से आग्रह किया कि वे संविधान, कानून और मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा अधिकारी उत्तराखंड को सुरक्षित, अनुशासित और सशक्त राज्य बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Skip to content











