धारी में गुलदार का कहर: घर के बाहर से महिला को उठा ले गया, हमले में मौत….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के धारी क्षेत्र में गुलदार के हमले से एक महिला की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली में शुक्रवार सुबह घर के बाहर मौजूद महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया और उसे जंगल की ओर घसीट ले गया।

मृतका की पहचान हेमा बरगली पत्नी गोपाल बरगली के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुलदार महिला को रगड़ते हुए जंगल की ओर ले गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग, वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय विधायक राम सिंह कैड़ा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए हमलावर वन्यजीवों से सुरक्षा की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन वन विभाग द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

प्रशासन और वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे धारी क्षेत्र में भय और शोक का माहौल बना हुआ है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!