Breaking News

एक्शन में मेयर गजराज, निगम की जमीनों का किया निरीक्षण, हल्द्वानी को व्यवस्थित शहर बनाने का संकल्प….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी: शहर को सुव्यवस्थित और आदर्श रूप से विकसित करने के संकल्प के साथ मेयर गजराज सिंह बिष्ट एक्शन में नजर आए। मंगलवार को उन्होंने मुख्य नगर आयुक्त और नगर निगम की टीम के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में निगम की जमीनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण स्थलों को चिह्नित कर नगर निगम अधिकारियों को वहां विकास कार्यों की विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मेयर गजराज सिंह बिष्ट के नेतृत्व में हल्द्वानी को एक सुव्यवस्थित और विकसित शहर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। यदि ये योजनाएं सुचारू रूप से लागू होती हैं, तो हल्द्वानी न केवल एक आधुनिक शहर के रूप में उभरेगा, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

शहर के समग्र विकास की योजना….
निरीक्षण के दौरान मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि हल्द्वानी को एक सुव्यवस्थित और आदर्श शहर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगल पड़ाव में 300 मीटर निगम की भूमि पर वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। इसके अलावा, मछली बाजार को एक नियत स्थान पर स्थानांतरित कर व्यवस्थित किया जाएगा, जिसकी जगह भी तय कर ली गई है।

एसडीएम कोर्ट के सामने निगम की खाली पड़ी जमीन पर एक अत्याधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लैक्स बनाने की योजना बनाई गई है। वहीं, कठघरिया चौराहे का चौड़ीकरण कर वहां नई दुकानों का निर्माण किया जाएगा।

जन सुविधाओं का विस्तार….
मेयर ने जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कठघरिया में नगर निगम का एक कैंप कार्यालय खोलने का भी निर्देश दिया, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य छोटे-छोटे कार्यों के लिए नगर निगम कार्यालय न आना पड़े। उन्होंने कठघरिया मार्ग पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक सुलभ शौचालय कॉम्प्लैक्स बनाने की भी घोषणा की।

इसके अलावा, नगर निगम की खाली पड़ी जमीनों का उपयोग पार्किंग और गोदाम निर्माण के लिए करने का भी प्रस्ताव दिया गया है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार आएगा और शहर की व्यवस्थाएं अधिक सुचारु होंगी।

नगर निगम को निर्देश….
मेयर ने नगर निगम अधिकारियों को इन सभी परियोजनाओं की जल्द से जल्द विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के आदेश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पूरे नगर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट सहित नगर निगम की पूरी टीम मौजूद रही।

 

 

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!