उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

उत्तराखंड में 17 IPS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों में नए SSP और SP तैनात

देहरादून – उत्तराखंड में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। 25 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश के बाद नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी और चमोली समेत कई जिलों की पुलिस कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है।

शासनादेश के अनुसार, नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक नियुक्त किया गया है। वहीं, अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी बनाया गया है। ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति को एसडीआरएफ का सेनानायक बनाया गया है, जबकि मणिकांत मिश्रा को जिले की कमान सौंपी गई है।

इसी क्रम में देवेंद्र पींचा को पौड़ी का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक बनाया गया है, जबकि सरिता डोबाल को टिहरी का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।

कई अन्य अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी

तबादला सूची के तहत पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बेलपड़ाव का सेनानायक और हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। अमित श्रीवास्तव प्रथम को अभिसूचना में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अमित श्रीवास्तव द्वितीय को चमोली का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस मुख्यालय में एसपी, संदीप पंवार को सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय में एसपी तथा जितेंद्र मेहरा को पुलिस मुख्यालय में एसपी नियुक्त किया गया है। जगदीश चंद्र को बागेश्वर का पुलिस अधीक्षक और शाहजहां जावेद खान को एसपी फायर सर्विस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शासन की ओर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने का प्रमाणक पुलिस महानिदेशक के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

इस व्यापक फेरबदल को प्रदेश की कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।